सोनभद्र। सोनांचल में इन दिनों मई जैसी गर्मी पड़ रही है। जुलाई में बारिश के जगह तेज धूप निकल रहा है। उससे उमस बढ़ गया है। तापमान में वृद्धि से ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। सोमवार को जिला अस्पताल के ओपीडी में महिला एवं पुरुष मरीजों की संख्या अन्य दिनों के मुकाबले अधिक रहीं। पेट दर्द व बुखार के साथ-साथ उमस भरी गर्मी की वजह से दाद, खाज, खुजली और फंगल इंफेक्शन के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। बारिश नहीं होने तथा बढ़ी उमस की वजह से आम जनमानस बेहाल है।
जिला अस्पताल में सोमवार को महिला एवं पुरुष पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी कक्ष तक मरीजों की संख्या अधिक रहीं। भूतल और पहले तल पर चल रही ओपीडी में महिला एवं पुरुष मरीज एवं उनके तीमारदार लाइन में खड़े रहे और अपनी बारी आने का इंतजार किया। डॉक्टरों की टीम ने क्रमवार मरीजों को ओपीडी में देखा। ओपीडी में मरीजों को देख रहे डॉ. एसएस पांडेय ने बताया कि जुलाई माह में मई जैसी उमस है। बारिश नहीं होने से कोई विशेष मरीज नहीं आ रहे हैं। उमस भरी गर्मी से पेट दर्द और बुखार के मरीज आ रहे हैं। सोमवार को ओपीडी में मरीजों की संख्या अधिक रही। ओपीडी में हर तरह के मरीज आ रहे हैं। चार डॉक्टरों की टीम ने 200 से अधिक मरीजों को देखा और चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं डॉ. आशीष राय ने बताया कि उमस भरी गर्मी से इन दिनों उल्टी-दस्त, दाद, खाज खुजली व फंगल इंफेक्शन के मरीज आ रहे हैं। मौसम में परिवर्तन से इस तरह के मरीजों की संख्या अधिक हो जाती है। वैसे भी जिला अस्पताल में सोमवार और मंगलवार को मरीजों की संख्या अधिक रहती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक सोमवार को जिला अस्पताल में 900 से अधिक मरीजों को ओपीडी में देखा गया। इसी तरह से प्राइवेट अस्पतालों में भी मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों की तरफ से मौसम परिवर्तन होने पर खुद के स्वास्थ्य पर ध्यान देने पर जोर दिया।
तीन दिन में दो डिग्री तक चढ़ा पारा, उमस भी बढ़ी
सोनांचल में तापमान में वृद्धि जारी है। बीते दो दिन में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से भी अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इससे उमस में भी वृद्धि हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक सोमवार को चुर्क क्षेत्र का न्यूनतम पारा 26.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम पारा 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके मुकाबले रविवार को न्यूनतम पारा 26.2 और अधिकतम पारा 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं शनिवार को न्यूनतम पारा 24.6 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम पारा 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।