फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव परिणाम के बाद नगवां में उपद्रव, पथराव में सीओ, इंस्पेक्टर समेत छह घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान नगवां ब्लाक में शनिवार को जमकर बवाल हुआ। परिणाम की घोषणा के बाद गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सपा कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए और नोक-झोंक के बाद पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने लाठियां भांजकर उपद्रवियों को खदेड़ा। बावजूद करीब दो घंटे तक उपद्रवी मौके पर डटे रहे। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पथराव में सीओ सदर, रायपुर इंस्पेक्टर समेत चार पुलिस कर्मियों को चोटें आई। सदर एसडीएम और राबर्ट्सगंज से भाजपा के पूर्व चेयरमैन कृष्णमुरारी गुप्ता का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन सवार पूर्व चेयरमैन समेत दो लोग भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। देर रात तक आसपास के गांवों में उपद्रवियों की तलाश जारी रही। ऐहतियात के तौर पर यूपी-बिहार की सीमा पर फोर्स ने निगरानी बढ़ा दी है।
विज्ञापन

नगवां ब्लाक से सपा और भाजपा प्रत्याशी के बीच कांटे का मुकाबला रहा। संवेदनशीलता को देखते हुए सीडीओ डॉ. अमित पाल सिंह, सदर एसडीएम केएस पांडेय, सीओ आशीष मिश्र सुबह से ही भारी फोर्स के साथ ब्लाक मुख्यालय पर डटे रहे। अपराह्न तीन बजे तक मतगणना में भाजपा प्रत्याशी आलोक सिंह को 23 और सपा की राधिका देवी को 20 वोट मिले। विजेता प्रत्याशी को पुलिस सुरक्षा में लेकर सीधे जिला मुख्यालय चली गई। उधर, परिणाम की घोषणा होते ही सपाई उग्र हो गए। पुलिस-प्रशासन पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। नोक-झोंक के बाद पथराव शुरू कर दिया। बीच सड़क व आसपास के खेतों से बड़ी संख्या में उपद्रवी पुलिस पर पत्थर बरसा रहे थे। फोर्स ने लाठी भांजकर उन्हें खदेड़ा। बावजूद काफी देर तक पथराव होता रहा। पथराव से सीओ सदर आशीष मिश्र, रायपुर इंस्पेक्टर विश्वज्योति राय और दो पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। सदर एसडीएम के वाहन का शीशा टूट गया। इस रास्ते से गुजर रहे राबर्ट्सगंज से भाजपा के पूर्व चेयरमैन कृष्णमुरारी गुप्ता का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन सवार पूर्व चेयरमैन और संजय जायसवाल को भी चोटें आई। बवाल की सूचना पाकर मुख्यालय से भारी फोर्स मौके पर पहुंची। डीएम अभिषेक सिंह, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दस से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया।
----
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा। मौके पर भारी फोर्स लगाई गई है। स्थिति नियंत्रण में है। उपद्रवियों की तलाश की जा रही है। कुछ लोग हिरासत में भी लिए गए हैं। -अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें