शक्तिनगर। एनटीपीसी विंध्याचल पावर परियोजना में सोमवार की रात खड़े ट्रेलर में बाइक टकराने से एनटीपीसी कर्मचारी की मौत हो गई। घटना रात दस बजे उस वक्त हुई जब कर्मी रात्रिपाली ड्यूटी के लिए कार्यस्थल पर जा रहा था। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक घटना स्थल के आसपास अंधेरे की वजह से हादसा हुआ।
विंध्यनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर दो निवासी बिहारी लाल (56) एनटीपीसी विंध्याचल में कर्मचारी थे। रात 10 बजे के करीब पावर प्लांट के मुख्य गेट पर लगी मशीन में उपस्थिति कार्ड पंच करने के बाद बाइक से जैसे ही आगे बढ़े, सड़क के किनारे खड़ी ट्रेलर से उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में बिहारी के सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं। घायल कर्मचारी को प्रोजेक्ट के अस्पताल पहुंचाया गया । जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार सुबह देवसर विधायक सुभाष वर्मा व कांग्रेस प्रदेश सचिव अमित द्विवेदी सहित तमाम लोग परियोजना के अस्पताल पहुंच गए। जनप्रतिनिधि मृतक आश्रित परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति की मांग पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे एसडीएम ऋषि पवार व तहसीलदार जितेंद्र वर्मा घटना स्थल पर पहुंच गए और परिजनों व जनप्रतिनिधियों की मांग को जायज बता कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश करने लगे। इसके बाद दबाव में आए पावर प्रबंधन को अनुकंपा नियुक्ति का लिखित आश्वासन देना पड़ा।