देश के सबसे बड़े पावर प्रोजेक्ट एनटीपीसी विंध्याचल को सामाजिक दायित्व कार्यक्रम (सीएसआर) व मानव संसाधन (एचआर) के क्षेत्र में उम्दा कार्य के लिए दो स्वर्ण के साथ एक रजत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सम्मान मिलने से परियोजना परिसर में प्रसन्नता की लहर है।
विद्युत निर्माण के क्षेत्र में राष्ट्र के सबसे बड़ी विद्युत परियोजना विंध्याचल को एनटीपीसी स्वर्ण शक्ति पुरस्कार योजना के तहत वर्ष 2014-15 के लिए यह पुरस्कार दिया गया।
परियोजना प्रबंधन का पुरस्कार परियोजना क्षेत्र में सर्वोत्तम कार्य करने, सीएसआर के जरिए आसपास के गांव में मूलभूत सेवाओं का विकास करने तथा मानव संसाधन को वेस्ट प्रेक्टिसेस के लिए दिया गया है ।
शनिवार को दिल्ली के सिरीफोर्ट सभागार में एनटीपीसी स्थापना दिवस समारोह के दौरान कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एके झा ने उत्तरी क्षेत्र के कार्यकारी निदेशक सप्तर्षि राय तथा विंध्याचल परियोजना के कार्यकारी निदेशक (ईडी) एसके रॉय को यह सम्मान दिया।
पुरस्कार प्राप्त करने के पश्चात एसके राय ने पूरी विंध्याचल टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार विंध्याचल के कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, कार्य कुशलता का परिणाम है। इस अवसर पर एनटीपीसी के निदेशक मंडल के अधिकारी रहे।