जिला मुख्यालय पर हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा सामने आने लगा है। रात में 11 से दो बजे तक कट रही बिजली ने लोगों की नींद खराब कर दी है।
इससे क्षुब्ध राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को राबर्ट्सगंज के मेन चौक पर प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
यूपी के मुख्यमंत्री का जिले में 31 मार्च को आगमन होना है। इसके बावजूद यहां हो रही बेतहाशा विद्युत कटौती अब लोगों को रास नहीं आ रही है। दिन में कई बार रोस्टरिंग और फिर आधी रात में कटौती से लोग परेशान हैं।
इससे नाराज राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने महासचिव विवेक सिंह के नेतृत्व में राबर्ट्सगंज के मेन चौक पर सुबह प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
इस दौरान विवेक ने कहा कि प्रदेश में विद्युत उत्पादन में जिला का अहम योगदान है लेकिन यहां के लोगों को ही बिजली नहीं मिल रही है। जिला कई दिनों से बेमियादी विद्युत कटौती का दंश झेल रहा है।
नक्सल प्रभावित इलाकों में भी कटौती जोरों पर हो रही है। हाल है कि कटौती से किसान, व्यापारी, छात्र से लेकर हर वर्ग परेशान है। दिलीप सोनी और अमित पांडेय ने कहा कि जिले में विद्युत कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में अभिनेश मौर्य, राजीव बरनवाल, विनय मिश्रा, राहुल मिश्रा, अजय पटेल, संदीप कुमार, गोविंद कुमार मौजूद रहे।