जनपद में उपभोक्ताओं को आवेदन करने के बाद भी बिजली का कनेक्शन नहीं मिलने के समस्याओं को यूपीपीसीएल ने गंभीरता से लेते हुए हजारों मीटर भेजा है। अब विभाग आवेदन करने वालों का कनेक्शन मंजूर करते हुए उनकी आपूर्ति शुरू कर दी गई है।
जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग तीन लाख विद्युत उपभोक्ता हैं। तेजी से नगरीय इलाकों में बन रहे मकानों के चलते कनेक्शनधारियों में भी इजाफा हो रहा है। हालांकि दिसंबर माह में बिजली विभाग के पास मीटर न होने से नया कनेक्शन जारी होना बंद हो गया था। विभाग के मुताबिक जनवरी के प्रथम सप्ताह तक राबर्ट्सगंज और पिपरी विद्युत वितरण खंड में करीब 1100 लोगों ने कनेक्शन के लिए आवेदन कर रखा था। आवेदन करने वाले प्रतिदिन संबंधित जेई समेत अन्य अधिकारियों के यहां कनेक्शन लेेने के लिए चक्कर लगा रहे थे, लेकिन मीटर न होने का हवाला देकर कनेक्शन देने से हाथ खड़ा कर दे रहे थे। विभागीय अधिकारियों ने मीटर न होने से कनेक्शन देने में हो रही समस्याओं को उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए अविलंब मीटर मुहैया कराने की मांग की थी। उत्तर प्रदेश पावर कारपारेशन ने नए मीटर मुहैया करा दिया है। इस संबंध में एक्सईएन एसके सिंह ने बताया कि करीब साढ़े तीन हजार मीटर आ चुका है। आवेदन करने वालों को कनेक्शन भी दिया जा रहा है।