सोनभद्र। अब डाक भेजने, पार्सल बुकिंग के लिए डाकघर में कतार में खड़े होने की जरूरत नही है। अब यह काम घर बैठे इंडिया पोस्ट एप के जरिए हो जाएगा। मोबाइल फोन से पार्सल बुक कर सकेंगे। पोस्टमैन आपके घर से पार्सल ले जाएगा और तय पते पर उसकी डिलिवरी भी करेगा। यही नहीं, आपके पार्सल की हर पल की अपडेट भी मिलती रहेगी।
एक स्थान से दूसरे स्थान पर चिट्ठी, जरूरी दस्तावेज समेत अन्य सामान भेजने के लिए सबसे सस्ता और आसान साधन डाक विभाग है। निजी कूरियर कंपनियों में अधिक पैसा लगने और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच न होने के कारण इनका प्रभाव कम है। डाक सेवाओं को उन्नत बनाने के लिए डाक विभाग ने आईटी 2.0 की लांचिंग की है। बुधवार को इसकी शुरूआत हो गई है। नए साफ्टवेयर से पूरा डाकघर आपके मोबाइल फोन से जुड़ जाएगा।
इंडिया पोस्ट एप के माध्यम से घर बैठे पार्सल बुकिंग हो सकेगी। वहीं, डाक खोने का भी डर नहीं रहेगा। बुकिंग के दौरान जो मोबाइल नंबर मिलेगा, उसकी ट्रैकिंग के आधार पर डाक सही पते पर पहुंच जाएगी। यही नहीं डाक देते समय मोबाइल फोन पर ओटीपी आएगा। इसे बताने पर ही पार्सल की डिलिवरी की जाएगी।