सोनभद्र। जिले के शक्तिनगर में मध्य प्रदेश से लगती अंतरराज्यीय सीमा पर स्वागत गेट का निर्माण कराया जाएगा। महीनों की जद्दोजहद के बाद शासन स्तर से निर्माण की हरी झंडी मिल गई है। पीडब्ल्यूडी की तरफ से यहां जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। स्वागत गेट निर्माण के साथ ही लाइटिंग सहित अन्य कार्य कराए जाएंगें। निर्माण कार्याें पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होंगे।
प्रदेश सरकार की तरफ से पिछले साल अंतरराज्यीय सीमा पर स्वागत गेट बनाने के निर्देश दिया गया था। कई सीमा पर स्वागत गेट का निर्माण चल भी रहा है। सोनभद्र में भी तीन स्थान पर स्वागत गेट बन रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में शासन ने सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, सहारनपुर, चंदौली, बिजनौर जिले से लगती अंतर्राष्ट्रीय व अंतरराज्यीय सीमा पर भी स्वागत गेट बनाने के लिए मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही सोनभद्र के शक्तिनगर में मध्य प्रदेश के विंध्यनगर से लगती अंतरराज्यीय सीमा पर स्वागत गेट निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिकारियों की मानें तो शक्तिनगर में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से स्वागत गेट, फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद लाइटिंग का कार्य होगा और हाईमास्ट भी लगाए जाएंगें। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की तरफ से निर्माण कार्य को लेकर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
इन स्थानों पर भेजा गया था प्रस्ताव
लोक निर्माण विभा निर्माण खंड की तरफ से बभनी में छत्तीसगढ़ सीमा पर, शक्तिनगर में मध्य प्रदेश से लगती सीमा के साथ ही दो अन्य स्थानों पर स्वागत गेट बनाने का प्रस्ताव बनाकर शासन में पिछले साल भेजा गया था, मगर कहीं स्वागत गेट बनाने की अनुमति नहीं मिली। वित्तीय वर्ष 2023-24 में पुन: प्रस्ताव भेजने पर शक्तिनगर में मध्य प्रदेश से लगती सीमा पर स्वागत गेट निर्माण कराने की अनुमति मिली है।
पहले से बन रहा हैं तीन स्वागत गेट
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की तरफ से ओबरा विधानसभा क्षेत्र के परसोई बेलगढ़ी में और चोपन नेवारी में मध्य प्रदेश से लगी अंतरराज्यीय सीमा पर स्वागत गेट का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं निर्माण खंड द्वितीय की तरफ से नगवां ब्लॉक अंतर्गत खलियारी के आगे बिहार बार्डर पर स्वागत गेट का निर्माण जारी है। तीनों जगह निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चला है। अब शक्तिनगर में बनने से यह जिले का चौथा स्वागत गेट होगा।
शक्तिनगर में मध्यप्रदेश से लगती सीमा पर स्वागत गेट का निर्माण कराया जाना है। इसके साथ ही स्वागत गेट पर लाइटिंग और हाईमास्ट लगाया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर पूरा करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - अनिल कुमार राकेश, एक्सईएन-पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड।