फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: अब खनिज बैरियर के पास वसूली का आरोप, एसपी ने बैठाई जांच

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। ट्रक मालिकों से अवैध वसूली में दो हेड कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों के निलंबन का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि अब खनिज बैरियर पर वसूली की शिकायत सामने आई है। लोढ़ी स्थित खनिज बैरियर और मारकुंडी घाटी में कुछ पुलिसकर्मियों पर ट्रकाें से वसूली के आरोपों को एसपी ने गंभीरता से लिया है। एएसपी मुख्यालय को इसकी जांच सौंपी है। आरोपों की पुष्टि के बाद उन पर भी सख्त कार्रवाई तय है। एसपी की इस कार्रवाई के बाद महकमे में खलबली मची हुई है। हाईवे पर पड़ने वाले सभी थानों के पुलिसकर्मी भी सकते में हैं।
विज्ञापन

जिले के गिट्टी, बालू और कोयला खनन क्षेत्र से रोजाना सैकड़ों ट्रक निकलते हैं। इन वाहनों को जगह-जगह रोककर जांच के नाम पर वसूली के आरोप अक्सर लगते रहे हैं। इस पर पूर्व में कई बार कार्रवाई भी हुई है, बावजूद अंकुश नहीं लग पा रहा। वसूली के आरोपों पर ही एसपी ने शनिवार को शाहगंज थाने में तैनात हेड कांस्टेबल पिंटू सिंह, कांस्टेबल दिनेश को निलंबित कर दिया था। आरोप था कि दोनों ने बालू लदे एक वाहन को रोककर अवैध वसूली की। इसी तरह पिपरी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल उपेंद्र यादव को भी कोयला लदे ट्रक से वसूली के आरोप में निलंबित किया गया है। इस कार्रवाई से जहां महकमे में खलबली है तो अब लोढ़ी खनिज बैरियर और मारकुंडी में भी वसूली की शिकायतों ने उच्चाधिकारियों की चिंता बढ़ाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इसकी जांच के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इस मामले में भी कुछ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो सकती है।
चोपन, राबर्ट्सगंज, करमा सहित अन्य थानों व चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी जांच की आंच में आने से खुद को बचाने की जुगत में लगे हैं।
शाहगंज थाने में चर्चित थे सिपाही, इलाके में रही धाक
अवैध वसूली के आरोप में शाहंगज थाने के जिन दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है, वह अपने कारनामों से क्षेत्र में खासे चर्चित रहे। इलाके में उनकी विशेष धाक भी थी। सूत्रों की मानें तो पिंटू सिंह की तैनाती करीब साल भर शाहगंज में हुई थी। पिछले छह माह से उसकी सक्रियता बढ़ी थी। थाने के कई कार्यों का पूरा जिम्मा वही देखता था। इसके बदले पूरा लाभ भी उठाता था। वहीं पिपरी थाने में तैनात उपेंद्र यादव को करीब एक माह पहले ही वहां तैनाती मिली थी। उपेंद्र के विशेष अनुरोध पर उसे पिपरी भेजा गया था। इससे पहले उसकी तैनाती सदर कोतवाली क्षेत्र की एक प्रमुख चौकी पर थी। पिंटू की तरह ही उस पर भी चौकी के हर कार्यों का जिम्मा था।
विज्ञापन

पिछले दिनों अवैध वसूली का मामला संज्ञान में आया था। इसके आधार पर तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है। पिपरी सीओ को विस्तृत जांच दी गई है। वहीं, खनिज बैरियर क्षेत्र में भी इस तरह की शिकायत है। इसकी जांच एएसपी मुख्यालय को सौंपी गई है। जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधितों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की छवि को धूमिल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। - डॉ. यशवीर सिंह, एसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें