सोनभद्र। निजी स्कूलों की तर्ज पर परिषदीय स्कूलों में अध्यनरत बच्चों को सुविधाएं मुहैया कराने की पहल तेज हुई है। जनपद के 2458 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों के बच्चे भी स्कूल खुलने पर इस सत्र से कांवेंट स्कूलों की तरह नए डेस्क-बेंच पर पढ़ाई करेंगे। शासन के निर्देश पर करीब 14 करोड़ से विद्यालयों के लिए फर्नीचर की खरीदारी की जा चुकी है। हालांकि कोरोना के चलते अभी शिक्षक ऑनलाइन ही पठन-पाठन संपादित करा रहे हैं।
परिषदीय स्कूलों में पंजीकृत बच्चों को ड्रेस, जूते, मोजे के साथ अब बेंच पर बैठकर पढ़ने की दिशा में सरकार की तरफ से की गई पहल प्राथमिक शिक्षा में सुधार के रूप में देखा जा रहा है। इससे न केवल बच्चों में अच्छे स्कूलों की भांति पढ़ाई करने की ललक बढ़ेगी, बल्कि शिक्षकों का भी रुझान बढ़ेगा। जिले दुरूह क्षेत्रों के कई प्राथमिक स्कूलों में अभी भी बच्चे दरी पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। इसके पूर्व सत्र 2017-18 में भी कुछ उच्च प्राथमिक स्कूलों को फर्नीचर उपलब्ध कराया गया था। अब एक बार फिर सरकार ने इसके लिए धन स्वीकृत किया है। जेम पोर्टल से फर्नीचर खरीद के बाद संबंधित फर्म को भुगतान के लिए जनपद में डीएम की अध्यक्षता में समिति गठित की जा चुकी है। जिला खनिज निधि से करीब 14 करोड़ की लागत से जिले के 1804 प्राथमिक और 654 उच्च प्राथमिक स्कूलों में बेंच आदि फर्नीचर क्रय कर स्कूलों में लगाया गया है। कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों को सीएसआर मद से बेंच आदि को लगाया जाना है। जल्द ही सभी विद्यालयों में फर्नीचर लग जाएगा।