बभनी क्षेत्र में खलिहान में रखे धान की फसल को हाथियों द्वारा नुकसान किया गया फसल
- फोटो : SONBHADRA
बभनी। छत्तीसगढ़ के सेंचुरी एरिया से भटक कर आए हाथियों का झुंड एक सप्ताह से सीमावर्ती गावों में लगातार उत्पात मचाए है। रविवार की रात हाथियों ने बीजपुर थाना क्षेत्र के नेमना गांव में सात वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल कर मार डाला था। इसके बाद हाथियों के झुंड ने छत्तीसगढ़ के चरचरी गांव पहुंच कर उत्पात मचाया। आठ किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया और एक किसान का घर क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों के उत्पात से ग्रामीण सहमे हैं।
बता दें कि रविवार की रात नेमाना गांव में मासूम बच्ची को कुचल कर मारने के बाद हाथियों के झुंड छत्तीसगढ़ के चरचरी गांव पहुंच गए और जमकर उत्पात मचाया। चरचरी में आठ किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया और एक किसान का मकान क्षति ग्रस्त कर दिया। हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। जगलों का सहारा लेकर छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर उत्पात बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के ग्रामीणों में भय व्याप्त है। हाथियों के झुंड के सामने वन विभाग की टीम भी लाचार साबित हो रही है। चरचरी क्षेत्र के वन दरोगा शंखलाल ने बताया कि सोमवार की रात में हाथियों ने गांव के दिलबरन, प्रेमलाल, डूंडी सिंह, बलदेव, लालमन, रामशकल की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद हाथियों ने फूलकुंवर के मकान की दीवार गिराकर घर में रखे मक्का, धान को भी खाया। हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत है। हाथी गांव में उत्पात मचाने के बाद फिर चरचरी के जंगलों मे चले गए।