सोनभद्र। अब बिजली कनेक्शन पर भी केवाईसी करानी होगी। मीटर रीडर समेत अन्य कर्मियों को केवाईसी करने का निर्देश दिया गया है। शासन से बिजली विभाग को सितंबर के अंत तक सभी उपभोक्ताओं का केवाईएसी कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। केवाईसी होने से बिजली विभाग बिल से संबंधित जरूरी सूचनाएं समय-समय पर उपभोक्ताओं को देता रहेगा। क्षेत्र में बिजली कटने की जानकारी भी मिलेगी। अब तक जिले में सवा लाख लोगों की केवाईसी हो चुकी है। जिले में विद्युत निगम उपभोक्ताओें को घर बैठे बिजली का बिल आदि मुहैया कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के कनेक्शन का केवाईसी भी किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिजली के बिल के साथ-साथ विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में भी जानकारी मिलती रहे। जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में करीब तीन लाख 36 उपभोक्ता है। इनमें से अब तक करीब एक लाख 25 हजार 125 उपभोक्ताओं की केवाईसी की जा चुकी है। एसडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि सितंबर माह के अंत तक सभी उपभोक्ताओं की केवाईसी करने का निर्देश मिला है। सभी मीटर रीटरों, लाइनमैनों को अपने-अपने क्षेत्र के उपभोक्ताओं की केवाईसी करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उच्चाधिकारियों की ओर से क्षेत्रीय अवर अभियंता को दी गई है। किसी इलाके में बिजली फाल्ट को दूर करने के लिए आपूर्ति ठप होगी तो उस बारे में भी उपभोक्ताओं को मेसेज के जरिए जानकारी मिलेगी।