दुद्धी। प्रधानमंत्री आवास की धनराशि दूसरे खाते में भेजने के मामले में बीडीओ अनिल कुमार वर्मा ने गांव के तत्कालीन ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस जारी किया है। दुद्धी ब्लाक के टेढ़ा गांव में पीएम आवास निर्माण की राशि दूसरे के खाते में भेजने के मामले में तीन दिनों में नोटिस का जवाब देना है। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि तत्कालीन ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया गया है। प्रधानमंत्री आवास की सूची में लाभार्थी विजय का नाम है, लेकिन उसके खाते में रुपये नही भेजा गया है। जांच में पता चला कि जिसके नाम आवास आवंटित है उसे मिलने वाला रुपया दूसरे के खाते में भेज दिया गया। प्राप्तकर्ता ने रुपये निकाल लिया है। कहा कि संबंधितों द्वारा नोटिस का संतोषजनक जवाब न दिए जाने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। उधर पीड़ित लाभार्थी विजय कुमार का कहना है कि उसके नाम से आवास स्वीकृत है, लेकिन आवास बनवाने के लिए दूसरे व्यक्ति केखाते में धनराशि भेजी गई है। इस संबंध में कई बार संबंधित सेक्रेटरी समेत अन्य अधिकारियों और तत्कालीन ग्राम प्रधान को अवगत कराते हुए आवास बनवाने के लिए खाते में धनराशि भेजवाने की मांग की गई, लेकिन उसके खाते में रुपये नहीं भेजा गया।