सोनभद्र। प्रचंड गर्मी और लू के बीच प्रदेश में हो रही लगातार मौतों पर आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने गहरी चिंता जताई है। संगठन के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर ने सीएम को पत्र भेजकर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि कई जिलों में भीषण गर्मी से लोग मर रहे हैं। अगर सरकार इससे निपटने के लिए पर्याप्त कदम उठाती तो यह स्थिति नहीं होती। सोनभद्र जैसे जनपदों में तो ग्रामीण क्षेत्र में स्थित स्वास्थ्य केंद्र व अस्पताल बदहाल होने, पेयजल संकट और अघोषित बिजली कटौती से हालात और बदतर हुए हैं। वास्तव में स्वास्थ्य महकमे के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने के बजाय सरकार का फोकस प्रचार पर है। पत्र भेजने वालों में जिला मंत्री तेजधारी गुप्ता आदि रहे।