सोनभद्र। छठ पर घर पहुंचने के लिए प्रवासी श्रमिकों की घर वापसी तेज हो गई है। ट्रेनों में पहले से ही भीड़ और सीटों की मारामारी के बीच अब रोडवेज बसों में भी यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा है। सोनभद्र से वाराणसी समेत विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसें यात्रियों से भरी नजर आ रही हैं। दीपावली के बाद छठ मनाने के लिए पूर्वांचल और बिहार के विभिन्न जिलों में जाने वाले लोग बसों का सहारा ले रहे हैं। मंगलवार को सोनभद्र से वाराणसी समेत अन्य मार्गों पर संचालित रोडवेज बसों में अच्छी-खासी भीड़ रही। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों में भीड़ के कारण सफर मुश्किल हो रहा है। ऐसे में बसें विकल्प बन रही हैं। निजी वाहनों से भी लोग जा रहे हैं। सोनभद्र डिपो में चार अनुबंधित बसों सहित कुल 80 बसें हैं। इनमें 65 का नियमित संचालन हो रहा है। वहीं, विंध्यनगर, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, जीरो रोड, चारबाग और कैंट डिपो सहित अन्य डिपो की 150 से अधिक बसें वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग से होकर गुजर रही हैं।