सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में लोढ़ी टोल प्लाजा के आगे मारकुंडी की ओर जा रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। युवक के छोटे भाई ने रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है। शनिवार को जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शाम को लोढ़ी टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में छिनैती की पुष्टि नहीं हुई है। घटना और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। चोपन थाना क्षेत्र के बेलकप निवासी सत्यजीत के मुताबिक, उनका बड़ा भाई विश्वजीत शुक्रवार को रॉबर्ट्सगंज आया था। उसने बैंक से कुछ रुपये निकाले और पांच हजार रुपये सत्यजीत के खाते में जमा किए। शेष रकम लेकर वह देर शाम बाइक से घर के लिए रवाना हुआ। लोढ़ी टोल प्लाजा के आगे पाइपलाइन क्रॉसिंग के पास एक बाइक सवार ने उसका रास्ता रोक लिया। पीछे से एक और युवक आ गया। दोनों उसे खींचकर झाड़ी में ले गए और पिटाई कर जेब से रुपये निकाल लिए। सीओ रणधीर मिश्रा ने बताया कि मारपीट का मामला सामने आया है। बैंक से रुपये निकालने और छिनैती की बात अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पीड़ित पक्ष से दी गई जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है।