सोनभद्र। शनिवार को सुबह समय से धूप निकली, लेकिन सर्द हवा चलने से गलन बरकरार रहा। सर्द हवा चलने की वजह से शनिवार को न्यूनतम पारा 2.7 डिग्री सेल्सिसय और अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गलन बढ़ने से लोगों का हाल बेहाल है।
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को न्यूनतम तापमान में करीब ढ़ाई डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धी दर्ज हुआ।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 19.2 दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान में गिरावट की वजह से शनिवार को गलन अधिक रहा। सुबह-शाम लोग अलाव तापते नजर आए। शाम ढलते ही लोग अपने घरों मे कैद हो गए। कृषि मौसम वैैैज्ञानिक विनीत यादव ने बताया कि तीन फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। इस बीच बारिश होने की संभावना नहीं है। उधर, नगर पालिका प्रशासन की ओर से ठंड से बचाव के लिए राबर्ट्सगंज नगर में बढ़ौली चौक, धर्मशाला चौक, रोडवेज बस स्टेशन, मेन चौक, गुरुद्वारा, रैन बसेरा सहित 45 स्थानों पर शनिवार को अलाव जलवाया गया। सुबह-शाम लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव तापते नजर आ रहे है।