सलखन। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य और जिला सचिव आरके शर्मा ने शनिवार को केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया दी। कहा कि बजट को देखने पर यह प्रतीत होता है कि इसकी प्राथमिकता मध्यम वर्ग और उच्च वर्ग के लिए अधिक है। जबकि हाशिए पर रहने वाले वर्गों के लिए अपेक्षाकृत कम ध्यान दिया गया है। मध्यम और उच्च वर्ग के लिए अधिक लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। कर छूट और कटौती के बहाने बजट में 15-20 लाख की आय वालों के लिए टैक्स की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत कर दी गई है। इस बजट में हाशिए के वर्गों के लिए कोई ध्यान नहीं दिया गया। मनरेगा और अन्य सामाजिक योजनाओं की राशि में बढ़ोतरी नहीं की गई। रोजगार गारंटी योजनाओं में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया। इससे ग्रामीण और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सीधा लाभ नहीं मिलेगा। महंगाई नियंत्रण के लिए कोई विशेष उपाय नहीं किया गया है। खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस राहत योजना नहीं दी गई, इससे गरीब और श्रमिक वर्ग के हितों पर विपरीत असर पड़ेगा।