नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से आरंभ हुई। पहले दिन किसी भी निकाय में कोई नामांकन नहीं हुआ। अध्यक्ष और सभासद पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने के लिए भीड़ लगी रही। बारी-बारी से नामांकन स्थल पहुंचकर दावेदार फार्म खरीदते और उसके साथ संलग्न होने वाले दस्तावेजों के बारे में जानकारी करते रहे। नामांकन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। जिले की दस निकायों में अध्यक्ष पद 82 और सभासद के लिए 372 नामांकन फार्म खरीदे गए।
नगर पालिका सोनभद्र और नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा की नामांकन प्रक्रिया के लिए सदर तहसील परिसर में अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। तहसील सभागार में नगर पालिका के 25 वार्डों के लिए पांच काउंटर बनाए गए हैं। इन वार्डों से सभासद पद के 41 नामांकन पत्र पहले दिन खरीदे गए। वहीं अध्यक्ष पद के लिए अर्चना भारती ने एक और सीमा देवी ने बसपा प्रत्याशी के रूप दो सेट में पर्चा खरीदा। नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में सभासद पद के लिए सिर्फ एक फार्म की बिक्री हुई। अध्यक्ष के लिए यहां पहले दिन किसी ने फार्म नहीं खरीदा। नामांकन प्रक्रिया को लेकर तहसील परिसर में कड़ी सुरक्षा रही। गेट के पास बैरिकेडिंग की गई थी। यहां तलाशी के बाद मेटल डिटेक्टर से होते हुए लोगों ने तहसील परिसर में प्रवेश किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान एडीएम नमामि गंगे आशुतोष दुबे, सदर एसडीएम शैलेंद्र मिश्र, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उधर, तहसील घोरावल में नंगर पंचायत घोरावल के लिए अध्यक्ष पद पर एक प्रत्याशी ने दो नामांकन पत्र खरीदा। सदस्य पद के लिए तीन लोगों ने छह आवेदन पत्र खरीदा। अध्यक्ष पद के लिए 03 लोगों ने मतदाता सूची खरीदी।
नामांकन पत्र खरीदने को लगी रही भीड़
दुद्धी। नगर निकाय चुनाव के नामांकन के पहले दिन पर्चा खरीदने वालों की भीड़ तहसील कार्यालय में लगी रही। अनपरा, पिपरी, रेणुकूट एवं दुद्धी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को कुल 58 और विभिन्न वार्डों के सदस्य पद के लिए 207 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। पहले दिन किसी पद के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ। तहसील सभागार में चारों नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग काउंटर से फार्म की बिक्री की जा रही है। तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि पहले दिन अनपरा नगर पंचायत के चेयरमैन पद के लिए 19्र लोगों ने 26 और सभासद के लिए 35 लोगों ने 41 पर्चे खरीदे। इसी तरह दुद्धी से अध्यक्ष के लिए 8 लोगों ने 14 और सभासद के लिए 62 ने पर्चा लिया। पिपरी से अध्यक्ष के लिए दो और सभासद के लिए 34, रेणुकूट से अध्यक्ष पद पर 10 ने 16 और सभासद के लिए 70 नामांकन पत्रों की बिक्री की गई।
तीन निकायों के लिए ओबरा में बिके फार्म
ओबरा। राजकीय पीजी कॉलेज में चोपन, डाला बाजार और ओबरा नगर पंचायत के लिए नामांकन होना है। तहसीलदार सुशील कुमार ने बताया कि पहले दिन ओबरा नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने पांच और सभासद पद के लिए 61 पर्चे खरीदे गए। चोपन नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए पांच और सभासद पद के लिए 31 पर्चे खरीदे गए। डाला नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशियों ने 09 पर्चे और सभासद पद के लिए 25 पर्चे खरीदे गए। नामांकन प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए महाविद्यालय के आठ कमरों को नामांकन केंद्र में तब्दील किया गया है। इस दौरान एसडीएम प्रभाकर सिंह, सीओ डॉ चारु द्विवेदी, कोतवाल मिथिलेश मिश्र आदि मौजूद रहे।