कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत सोमवार को सुअरसोत चौकी पर कैंप का आयोजन किया गया। इसमें डीएम, एसपी और विधायक जनता से सीधे रूबरू हुए। उन्हें नक्सलवाद से होने वाली हानि के बारे में बताया। बच्चों के हाथ में बंदूक नहीं कलम थमाने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया।
बिहार की सीमा से सटे जिले की सुअरसोत पुलिस चौकी पर कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत लगे कैंप में आसपास के गांवों के हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। कड़ाके की ठंड में तमाम लोग महज इस आस में मौके पर पहुंचे कि उन्हें पुलिस की ओर से इमदाद मिलेगी। कोई कंबल तो कोई राशन की आस में चौकी तक पहुंचा। कैंप में सदर विधायक अविनाश कुशवाहा, डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसपी शिवशंकर यादव ने जनता से सीधी बात की और नक्सलवाद पर उनकी मानसिकता की नब्ज टटोली। सदर विधायक ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार गंभीर है।
सुअरसोत-मांची मार्ग जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। पौनी गांव में एक राजकीय डिग्री कालेज खोला जाएगा ताकि क्षेत्र के बच्चे उच्च शिक्षा के लिए न भटकें। उन्होंने सरकार की और भी कई योजनाओं की चर्चा की और कहा कि क्षेत्र के लोग समाजविरोधी ताकतों से बचें और अपनी ऊर्जा राष्ट्र के निर्माण में लगाएं। डीएम डीके सिंह ने लोगों से सीधी वार्ता की। उनकी समस्या पूछी और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
एसपी शिवशंकर यादव ने कहा कि क्षेत्र के लोग किसी के बहकावे में न आएं। बच्चों को बंदूक की जगह कलम थमाएं ताकि वे शिक्षित होकर घर, परिवार और समाज का विकास कर सकें। ताकीद किया कि यदि गलत लोग उनके संपर्क में आएं तो इसकी सूचना फौरन पुलिस को दें ताकि कार्रवाई की जा सके। इस मौके पर एएसपी रामयज्ञ यादव, ब्लाक प्रमुख मुद्रिका जायसवाल, सीओ सदर सच्चिदानंद, सपा नेता इश्तियाक खां, रामलाल जायसवाल, राजन दूबे, प्रदीप जायसवाल, अशोक मौजूद रहे।