अच्छे स्वास्थ्य के बिना, चतुर्दिक विकास की कल्पना नहंीं की जा सकती। जो समाज स्वस्थ रहा, उसने चहुमुखी विकास किया।
इसलिए स्वस्थ समाज के लिए पल्स पोलियो उन्मूलन महाभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता के साथ बूथ कवरेज बढ़ाएं और बूथ दिवस के बाद अगले पांच दिनों तक बाकी बचे बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो उन्मूलन की खुराक लाजमी तौर पर दी जाए। यह बातें मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह ने पोलियो अभियान के शुरूआत के मौके पर कहीं।
सीएमओ कार्यालय परिसर में रविवार को उन्होंने अनामिका और सोनू को दो बूंद पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरूआत की। उन्होंने अभियान से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाकर जिले को पोलियो मुक्त बनाएं।
सीएमओ डा. यूके वर्मा ने बताया कि पल्स पोलियो उन्मूलन संबंधी तैयारियां पूरी हैं। तीन लाख 49 हजार 500 घरों के लक्ष्य के सापेक्ष तीन लाख 44 हजार 502 बच्चों को पोलियों की ड्राप पिलाने का लक्ष्य है। जिसके लिए 1068 बूथ स्थापित किये गये हैं, जिसके लिए 214 सुपरवाइजर व हजारों कर्मियों की तैनाती की गयी है।
बूथ दिवस के बाद अगले दिनों में बाकी बचे बच्चों के लिए घर-घर जाकर पोलियों उन्मूलन की खुराक दी जायेगी, जिसके लिए 214 सुपरवाइजर व 676 टीमें, 8 मोबाइल टीमें, 37 ट्राजिट साइट व 46 ट्राजिट टीमों के इंतजाम किये गए हैं।
इस मौके पर एसीएमओ डा. आरबी गौतम, डिप्टी सीएमओ डा. डीके सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. बीके अग्रवाल, डा. राघवेंद्र सिंह, सूचना विभाग के नेसार अहमद, नसीम अहमद, पीके सिंह मौजूद रहे।
रेणुकूट प्रतिनिधि के मुताबिक-दुद्धी एसडीएम डॉ. विश्राम सिंह ने रविवार को पल्स पोलियो अभियान का जायजा लिया और खुद कई बच्चों को अमृत बूंद पिलाई। इस दौरान वे मुर्धवा प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में पहुंच गए और बूथों पर बच्चों को पोलियो खुराक पिलाए जाने की जानकारी ली।
इस अवसर पर राजीव कुमार यादव, मंजू, शालिनी गुप्ता, गीता पांडेय, सुभनीता, लक्ष्मी, संजना राय, सीमा आदि मौजूद रहीं। दुद्धी प्रतिनिधि के मुताबिक- दुद्धी एसडीएम डॉ. विश्राम सिंह ने दुद्धी सीएचसी पर एक शिशु को पोलियो खुराक पिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।