सोनभद्र। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने सोमवार को राबर्ट्सगंज स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निर्देश दिया कि 50 बेड के रैन बसेरे के पूरी क्षमता का इस्तेमाल होना चाहिए। मुसाफिर या आगंतुकों को रैन बसेरा का फायदा मिलना चाहिए।
शहर के बीचों बीच स्थापित रैन बसेरा राबर्ट्सगंज आम नागरिक के लिए निशुल्क उपलब्ध है। डीएम ने कहा कि इसकी पूरी क्षमता के उपयोग के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। रैन बसेरा में किसी प्रकार की कोई फीस नहीं देनी है। आने वालों के सिर्फ अपने साथ पहचान के रूप में आधार को लाना होगा। डीएम ने रैन बसेरा में सभी अनुमन्य सुविधाएं जैसे, बेड, गद्दा, कंबल, शुद्ध पेयजल आदि की व्यवस्था आने वाले लोगों को निशुल्क मुहैया कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि वे शहर के चारों तरफ यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति जाड़े के मौसम में रात में खुले आसमान के नीचे न सोने पाये। कोई व्यक्ति बेसहारा या जानकारी के बिना खुले आसमान के नीचे या शहर के अन्य स्थानों पर बेसहारा के रूप में सोता हुआ पाया जायेगा, तो प्रेरित करके रैन बसेरा में लाकर रोका जाय और उसे बेड, कंबल आदि मुहैया कराया जाय।