त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान रिक्त रह गए 1137 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए रविवार को हुई चुनावी प्रक्रिया में भी 116 वार्डों के लिए कोई उम्मीदवार नहीं मिला। यानी इन वार्डों के लिए एक भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। वहीं 864 वार्डों के लिए महज एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने के कारण यहां चुनाव निर्विरोध होना तय है। 157 वार्डों में सदस्य पद के लिए 12 जून को मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, घोरावल ब्लाक के 306 रिक्त पदों के सापेक्ष 52 पर कोई नामांकन नहीं हुआ। 234 में केवल एक नामांकन हुआ। इसी तरह करमा ब्लाक में रिक्त 113 ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों में से 105पर एक-एक नामांकन हुआ है। राबर्ट्सगंज ब्लाक के 323 रिक्त पदों में से 264 पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। चतरा ब्लाक के 97 रिक्त पदों में से 23 पर एक भी नामांकन नहीं और 56 पर महज एक नामांकन हुआ। यहीं स्थिति नगवां ब्लाक की रही। यहां 119 रिक्त पदों में से 19 पर कोई उम्मीदवार नहीं मिला। चोपन में 40 रिक्त पद में से 33 पर एक नामांकन, कोन में चार रिक्त पदों में दो पर एक नामांकन, दुद्धी ब्लाक के रिक्त 28 पदों में से आठ पर कोई नामांकन नहीं, बभनी में 45 में से 12 व म्योरपुर के 72 में से दो पदों के लिए कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।