घोरावल। घोरावल के नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख दीपक पटेल जिले के सबसे युवा ब्लाक प्रमुख हैं। लंबे समय से भाजपा से जुड़ा उनका परिवार खेती करता है। वह लखनऊ विवि से एमसीएम अंतिम वर्ष के छात्र भी हैं। उनकी जीत पर युवाओं में उत्साह है। मूल रूप से खड़देउर गांव निवासी दीपक के पिता गोपाल सिंह पटेल किसान हैं। मांमाता शांति देवी वर्ष 2005 से 2010 तक घोरावल की ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। बड़े पिता अमरनाथ पटेल जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। वर्तमान में भाजपा के जिला महामंत्री पद पर हैं। एमसीए अंतिम वर्ष की परीक्षा के बाद वह परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच चुनाव के परिणाम ने उनके कॅरियर की दिशा बदल दी है। जीत की घोषणा के बाद ब्लॉक के गेट के बाहर पूर्व ब्लॉक प्रमुख शांति देवी का पैर छूकर उन्होंने आशीर्वाद लिया। बेटे से लिपटकर मां भावुक हो गईं। दीपक ने भाजपा संगठन और पार्टी नेताओं को जीत का श्रेय दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को मिले और योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण इलाकों में सड़कों, सिंचाई की सुविधाओं के विकास के लिए कार्य करेंगे।