रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बेलखुरी मोड़ के पास मंगलवार को दोपहर बाद सड़क किनारे झाड़ियों में एक नवजात लावारिस हाल में मिला। चाइल्ड की टीम उसे रेस्क्यू कर सीएचसी चतरा पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद टीम उसे जिला अस्पताल के एसएनसीयू (स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट) ले गई। जांच के बाद उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।
मंगलवार की दोपहर तीन बजे के करीब 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) पर सूचना मिली कि राबटर्सगंज-पन्नूगंज मार्ग स्थित बेलखुरी मोड़ के पास सड़क किनारे एक नवजात लावारिश पड़ा हुआ है। जिला समन्वयक मुकेश कुमार सिंह के निर्देशन में केसवर्कर सीमा शर्मा, काउंसलर अमन कुमार की मौजूदगी वाली टीम मौके पर पहुंची। बच्चे को विधिक संरक्षण में लेते हुए, जरूरी जानकारी जुटाई।
माता-पिता के बारे में कोई जानकारी न मिलने पर सीएचसी चतरा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, जिला अस्पताल स्थित एसएनसीयू में, जांच कराई गई। जिला समन्वयक मुकेश कुमार ने बताया कि डॉक्टर ने बच्चे की स्थिति सामान्य बताई है। उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। सघन निगरानी के साथ, रोज उसका चिकित्सकीय परीक्षण होगा।
-
अनचाहे बच्चों को फेंके नहीं, यहां दे सूचना : चाइल्ड हेल्पलाइन
जिला समन्वयक ने लोगों से अपील की कि अनचाहे बच्चों को सुनसान जगह पर छोड़ने-फेंकने की बजाय, नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अधिकृत दत्तक ग्रहण संस्थान पर सुरक्षित रूप से छोड़ दें। ऐसा न किए जाने से शिशु को शारीरिक-मानसिक नुकसान पहुंचता है। किसी को फेंके-छोड़े गए बच्चे के बारे में जानकारी मिले तो वह तत्काल 1098 या 112 नंबर पर सूचना दे ताकि बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सके।