शक्तिनगर स्टेशन का निरीक्षण करते डीआरएम धनबाद व रेलवे के अन्य अफसर।
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर। पूर्व मध्य रेलवे के डीआरएम आशीष बंसल ने बृहस्पतिवार को ऊर्जांचल के रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया और कार्य प्रगति की समीक्षा की। कहा कि दोहरीकरण के जरिए बिछाई जा रही नई पटरियों पर ट्रेनों की स्पीड सौ किमी प्रति घंटे होगी।
पुराने रेल ट्रैक पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ाने के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि पुराना ट्रैक ज्यादा घुमावदार व अधिकतम कर्व है। कर्व के वजह से बहुत ज्यादा स्पीड बढ़ाना मुमकिन नहीं है फिर भी इस मामले में जो कुछ हो सकता है उसे किया जाएगा। बताया कि नई पटरियां जो बन रही हैं उस पर अत्यधिक स्पीड से ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। दोहरीकरण के बाद रेल पटरियों पर 100 किमी की गति से रेलगाड़ियां दौड़ेंगी। नवागत मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) दिनेश कुमार ने शक्तिनगर, कृष्णशिला, सिंगरौली, महदेइया रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया और अफसरों से चर्चा की। रेल अफसरों ने शक्तिनगर से करैला रोड व सिंगरौली से चोपन तक चल रहे दोहरीकरण कार्य की प्रगति तथा गुणवत्ता की जानकारी ली।
डीआरएम ने बताया कि 44 किमी दोहरीकरण कार्य इस वित्तीय वर्ष पूरा कर लिया जाएगा। शेष कार्य वर्ष 2022 के अंत तक हर हाल में पूर्ण होगा। दिक्कतों को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
यात्री ट्रेनों को चलाने की मांग
सिंगरौली। सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक आशीष बंसल से भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र गर्ग (बंटी) ने मुलाकात की। उन्होंने सिंगरौली स्टेशन के विकास और सिंगरौली से पूर्व की भांति चल रही सवारी गाड़ियों का पुन: संचालन शुरू करने की मांग की। त्रिवेणी एक्सप्रेस, बनारस इंटरसिटी, पटना लिंक एक्सप्रेस, सिंगरौली से हजरत निजामुद्दीन एवं सिंगरौली भोपाल के संचालन को मंडल रेल प्रबंधक ने संज्ञान में लेते हुए सभी ट्रेनों को चलाने का आश्वासन दिया। मांगों का समर्थन करते हुए सिंगरौली विकास मंच के अध्यक्ष सतीश उत्पल ने भी ज्ञापन सौंपा।