सोनभद्र। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल की सांसदों की बैठक में सोनभद्र क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण रेल मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री के सांसद प्रतिनिधि श्रीकृष्ण गौतम ने सोनभद्र से अहरौरा होते हुए पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) तक नई रेल लाइन के लिए बजट स्वीकृति की मांग की। उन्होंने बताया कि करीब 70 किलोमीटर लंबी इस नई रेल लाइन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पहले ही रेल मंत्रालय को भेजी जा चुकी है लेकिन अब तक बजट स्वीकृत नहीं हुआ है। बैठक में अधिकारियों ने लिखित रूप से आश्वस्त किया कि सोन नदी पर रेल पुल का निर्माण और चोपन-चुनार रेल लाइन का दोहरीकरण मार्च 2028 तक पूरा कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि चोपन-चुनार रेल लाइन को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से डगमगपुर स्टेशन पर जोड़ा गया है, जिससे मालगाड़ियों का संचालन सुगम हुआ है। श्रीकृष्ण गौतम ने नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में तीन दिन करने और त्रिवेणी एक्सप्रेस का सोनभद्र स्टेशन पर ठहराव 2 मिनट से बढ़ाकर 5 मिनट करने की भी मांग की। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया।