म्योरपुर ब्लॉक के कुलडोमरी ग्राम पंचायत के नए सचिवालय भवन के निर्माण और खेल मैदान के लिए पंचायत की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कर शासन को भेजा गया है। लंबे समय से सचिवालय नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। खेल मैदान बनने से गांव की खेल प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध होगा।
कुलडोमरी ग्राम पंचायत लगभग 30 किमी के क्षेत्रफल में फैला हुआ है। यहां 33 टोले हैं, जिसमें करीब 20 हजार की जनसंख्या निवास करती है। कुलडोमरी का पुराना सचिवालय भवन डिबुलगंज में बना था। छह साल पहले अनपरा नगर पंचायत के गठन के बाद सचिवालय भवन नगर पंचायत में शामिल हो गया, लेकिन कुलडोमरी का नया सचिवालय भवन नहीं बनने के कारण अभी तक सारे कार्य पुराने भवन से ही हो रहे हैं। ग्रामीणों को हर काम के लिए डिबुलगंज ही आना पड़ता है। गांव में साधन की सुविधा नहीं होने से किसी भी कार्य के लिए दिनभर का समय लग जाता है।
लंबे समय से ग्रामीण खुजरा में सचिवालय भवन की मांग कर रहे थे। ग्राम पंचायत ने राजस्व विभाग से बात कर खुजरा में 5.50 बीघे सरकारी जमीन ढूंढी है। बाकी भूमि पर सचिवालय, सार्वजनिक शौचालय और खेल मैदान के लिए पंचायत की बोर्ड बैठक ने पास कर शासन को भेज दिया है। खुजरा में सचिवालय भवन बनने से ग्रामीणों को पंचायत से संबंधित सभी कार्य कराने में सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी।