राबर्ट्सगंज में पटरी किनारे गर्म कपड़ा बेचने वाली एक महिला ठगी का शिकार हो गई। कुछ लोग महिला को नकली सोने के आभूषण देकर तीन लाख रुपये ठग ले गए। महिला ने दुकानदार को सोना दिखाया तो उसे सच्चाई पता चला। रविवार को पीड़िता ने पुलिस को एक अज्ञात महिला समेत दो के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नेपाल समेत अन्य जगहों से आए व्यापारी राबर्ट्सगंज में जगह-जगह पटरी किनारे गर्म कपड़े, जूता समेत अन्य सामान बेच रहे हैं। रविवार को नेपाल के माखा की रहने वाली पुष्पा ने पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया है कि 17 दिसंबर को एक महिला और एक पुरुष उसके कपड़े की दुकान पर आए और अपनी मजबूरी बताकर आभूषण गिरवी पर रखने के लिए कहने लगे। उनके बार-बार कहने पर उसने उनके आभूषण रख कर तीन लाख रुपये दे दिए। जांच करने पर आभूषण नकली निकले। दोनों पांच दिन में रुपये वापस कर आभूषण ले जाने की बात कहे थे, लेकिन अब मोबाइल तक नहीं उठा रहे हैं। इंस्पेक्टर विद्यासागर ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।