सोनभद्र। जिला खरीद अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वागीश शुक्ला ने मंगलवार को क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान धान खरीद में लापरवाही बरते जाने पर बिरधी क्रय केंद्र के प्रभारी को हटाने के निर्देश दिए। वहीं धान खरीद की प्रगति धीमी होने पर पीसीएफ और पीसीयू के प्रबंधक को नोटिस जारी करने को कहा।
एडीएम के साथ जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित कुमार चौधरी, सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता देवेंद्र प्रताप सिंह ने पीसीयू एजेंसी के क्रय केन्द्र साधन सहकारी समिति बिरघी और साधन सहकारी समिति खलियारी तथा पीसीएफ कय एजेंसी के कय केन्द्र आमडीह साधन सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किए।
क्रय केन्द्र बिरधी पर खरीद का कार्य सही प्रकार से न होने एवं केंद्र प्रभारी की ओर से लापरवाही बरते जाने के कारण केंद्र प्रभारी बिरधी को हटाने के लिए सहायक आयुक्त्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देश दिया। केंद्रों पर खरीद सही से न होने के कारण पीसीएफ एवं पीसीयू के जिला प्रबंधक को नोटिस जारी किया है।
इसी के साथ ही दुद्धी तहसील के मंडी स्थित पीसीएफ और खाद्य विभाग के दुद्धी एवं पीसीएफ के क्रय केन्द्र चकचपकी साधन सहकारी समिति का औचक निरीक्षण किया गया। चकचपकी क्रय केंद्र पर अभी तक बहुत कम धान खरीद हुई है। इस पर केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि केन्द्र पर आने वाले सभी किसानों की खरीद करते रहें। कोई भी किसान वापस न जाए। यदि खरीद में कोई लापरवाही बरती जाती है तो केन्द्र प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।