सोनभद्र। नीट-यूजी के लिए जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चार केंद्रों पर 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों को तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरा, बायो मेट्रिक सिस्टम, जैमर आदि की व्यवस्था भी की गई है। परीक्षार्थियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वह किसी भी तरह का धार्मिक प्रतीक पहनकर या लेकर न आएं। उन्हें पेन भी परीक्षा कक्ष में ही दिया जाएगा।
नीट-यूजी में 1614 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। पेपर लीक होने के बाद दोबारा आयोजित हो रही परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन चौकन्ना है। हर स्तर पर तैयारियों को कई बार परखा जा रहा है, ताकि किसी तरह की चूक की कोई संभावना न रहे। केंद्राध्यक्षों व नोडल अधिकारियों को बैठक कर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी से जारी निर्देशों को अच्छी तरह समझाया गया। परीक्षा के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता को उच्चस्तर तक पालन करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि परीक्षा केंद्र पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। जिले में सुरक्षा का जिम्मा सीआईएसएफ संभालेगी। प्रत्येक केंद्र पर जैमर, सीसीटीवी सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई हैं। प्रश्न पत्रों के सेट अलग-अलग बैंकों में रखे गए हैं। परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले यह जानकारी दी जाएगी कि किसी केंद्र पर किस सेट से परीक्षा होगी। प्रत्येक केंद्र और कक्ष के लिए पेपर का अलग-अलग पैकेट निर्धारित किया गया है, जिसे परीक्षा के वक्त कैमरे की निगरानी में ही खोला जाना है। प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। इसके अलावा अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक भी लगाए गए हैं। डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए सारे इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।