शक्तिनगर। मोरवा थाना क्षेत्र वार्ड पांच बूढ़ी माई मंदिर के समीप एक अधेड़ ने पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। बाद में अधेड़ की पहचान मनबोध सिंह खैरवार (45) के रूप में हुई। मृतक एनसीएल खड़िया परियोजना में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मनबोध सिंह खैरवार अल सुबह घर के पास लगे आम के पेड़ में फंदा डालकर आत्महत्या कर लिया। सुबह करीब छह बजे मनबोध का छोटा भाई हरी भगत टहल कर लौट रहा था तो उसने अपने भाई को पेड़ से लटके देखा तो दहाड़ मार कर रोने लगा। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना मिलने पर मोरवा थाने के उप निरीक्षक विनय शुक्ला, प्रधान आरक्षक जयराम गुप्ता एवं आरक्षक रविदत्त पांडे ने शव को पेड़ से उतरवाकर फंदा मुक्त कराया। इसके बाद आगे की कार्रवाई के साथ घटनाक्रम का छानबीन शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने निकलकर आ रही है की एनसीएल खड़िया परियोजना में कार्यरत मनबोध की पहली पत्नी की मृत्यु करीब 10 वर्ष पूर्व हो गई थी और वह दूसरी शादी कर तीन बच्चों के साथ सिंगरौली में बुढ़िया माई रोड में किराए के मकान में रहता था। बताया जाता है कि उसके ऊपर काफी कर्ज हो गया था।