एनसीएल के सीएमडी तापस कुमार नाग ने कहा कि एनसीएल ने गुजरे वित्तीय वर्ष 72.48 मिलियन टन कोयले का उत्पादन कर नया रिकार्ड बनाया है। कोयला प्रेषण में भी अब तक का रेकार्ड तोड़ते हुए 73.68 मिलियन टन कोयले का प्रेषण किया गया है। मौजूदा वित्तीय वर्ष में भी एनसीएल कामयाबी की नई इबारत लिखेगा। बतौर मुख्य अतिथि वह शुक्रवार की शाम एनसीएल मुख्यालय पर आयोजित खनिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कहा कि एनसीएल ने पिछले वित्त वर्ष में निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद में लगभग 103 करोड़ खर्च किए। स्वच्छ विद्यालय योजना के तहत शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। बताया कि कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा, संरक्षा, पर्यावरण संरक्षण सहित स्थानीय लोगों की दशा में बेहतरी के लिए दीर्घकालिक एवं टिकाऊ योजनाएं भी बनाई जाएंगी। निदेशक (कार्मिक) शांतिलता साहू और निदेशक (तकनीकी संचालन) गुणाधर पांडेय ने भी एनसीएल की उपलब्धियों का बखान किया।
सीवीओ केपी वेंकटेंश्वर राव ने कामगारों की स्थिति को और बेहतर बनाने के सुझाव दिए। श्रमिक नेता मुन्नीलाल यादव, अशोक दूबे, सीएमओएआई के अध्यक्ष तारकेश्वर प्रसाद ने भी कोयला उद्योग की खासियत, उसकी समस्याओं पर प्रकाश डाला। कल्याणकारी कार्यों के मामले दुद्धीचुआ परियोजना को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनसीएल कर्मियों और कल्याणकारी कार्यों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली अन्य परियोजनाओं को पुरस्कृत किया गया।
वहीं देर रात तक मशहूर बालीवुड गायिका साधना सरगम, पार्श्व गायक सोनू मोरवाल, दिव्या श्रीवास्तव ने अपनी सुरों का जादू बिखेरा। कामेडियन रजनीश द्विवेदी के चुटकुले सुनाए। शुक्रवार को एनसीएल मुख्यालय में अमर शहीद खनिकों को श्रद्धांजलि दी गई।