भारत सरकार की मिनी रत्न कंपनी नॉर्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) तापस कुमार नाग ने शनिवार को कहा कि कंपनी ने अपने तीस वर्षों के सफर में हर वर्ष कोयला उत्पादन का नया रिकार्ड बनाया है।
वित्त वर्ष 2019-20 तक एनसीएल की होल्डिंग कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड के एक बिलियन टन कोयला उत्पादन लक्ष्य के सापेक्ष एनसीएल को 110 मिलियन टन कोयला उत्पादन क्षमता हासिल करनी है। जिसके लिए जयंत, दुधिचुआ और ब्लॉक बी परियोजनाओं की उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा रही है।
बीना-ककरी परियोजनाओं को एकीकृत कर दस मिलियन टन का प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है। सीएमडी एनसीएल के सिंगरौली मुख्यालय पर शनिवार को आयोजित 31वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
बताया कि कृष्णशिला और ब्लॉक बी में कोल हैंडलिंग प्लांट का निर्माण और खड़िया व निगाही सीएचपी की क्षमता बढ़ाई जा रही है। आने वाले समय में मोहेर बेसिन मे एनसीएल की नई सेमरिया परियोजना भी शुरू की जाएगी, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता दो मिलियन टन होगी। आने वाले समय में एनसीएल भूमिगत कोयला खदानें भी खोलेगा।
फिलहाल कंपनी की सभी कोयला खदानें खुली हुई हैं। कहा कि 28 नवंबर 1985 को एनसीएल की स्थापना हुई थी। उसके बाद वित्त वर्ष 1986-87 में जो एनसीएल का कोयला उत्पादन 13.37 मिलियन टन था, वह वित्त वर्ष 2014-15 में बढ़कर 72.48 मिलियन टन पहुंच गया।
इस हिसाब से कंपनी के कोयला उत्पादन में हर वर्ष औसतन 2.11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले दस वर्षों में कंपनी के लाभार्जन में भी 72 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि कंपनी की सभी कोयला खदानें तकनीक आधारित हैं।
एक हजार से भी अधिक भारी मशीनों (एचईएमएम) की बदौलत देश के कुल कोयला उत्पादन का 12 प्रतिशत से भी अधिक कोयला उत्पादन अकेला एनसीएल कर रहा है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। अकेले एनसीएल के पास 21 ड्रैगलाइन मशीनें हैं, जो कोल इंडिया में कुल डैगलाइन मशीनों की संख्या की आधी से भी अधिक है।
इस दौरान एनसीएल की गृह पत्रिका खनिज ऊर्जा का विमोचन किया गया। इससे पहले शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर खनिक प्रतिमा का माल्यार्पण किया गया। निदेशक (कार्मिक) शांतिलता साहू ने अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के संदेश का वाचन किया।
वहीं एनसीएल की परियोजनाओं से आई स्कूली बच्चों की टीमों एवं एनसीएल परिवार के सदस्यों ने अद्भुत सांस्कृतिक कार्यक्रम से मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर निदेशक (वित्त) पीएसआरके शास्त्री आदि मौजूद रहे।
इसी तरह ककरी में जीएम एएन पांडेय, बीना में जीएम विपिन कुमार, कृष्णशिला में जीएम आरबी प्रसाद की अगुवाई में स्थापना दिवस मनाया गया और उम्दा कार्य करने वाले कर्मियों के अभिनंदन के साथ ही कई को प्रोन्नति पत्र थमाया गया।