नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की सभी परियोजनाएं एवं इकाइयां अपने आसपास के क्षेत्रों में कोरोना के प्रति जागरूकता फैलाने और संक्रमित मरीजों के इलाज में जुटी है। इस क्रम में एनसीएल ने प्रशासन को मेडिकल सामग्री उपलब्ध कराई है।
एनसीएल निगाही क्षेत्र ने शनिवार को जिला प्रशासन सिंगरौली को 368 मेडिकल किट उपलब्ध कराया। प्रत्येक मेडिकल किट में कोविड 19 से संक्रमित मरीजों के लिए चिकित्सकों द्वारा निर्धारित दवाइयां शामिल थीं। इसके साथ ही आठ इंफ्रारेड थर्मामीटर, तीन पल्स ऑक्सीमीटर, 700 मास्क और 80 नग सैनिटाइजर भी सौंपे गए। निगाही क्षेत्र ने अभी तक जिला प्रशासन को कुल 850 मेडिकल किट उपलब्ध कराया है। एनसीएल के चिकित्सालयों एवं कोविड केन्द्रों में लगातार कोविड मरीजों का इलाज किया जा रहा है और साथ ही स्थानीय निवासियों के लिए आवश्यक राहत सामग्री सीधे तौर पर व जिला प्रशासन के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।