नई दिल्ली में भारी उद्योग एवं लोक उद्यम मंत्री अनंत गीते के हाथों एनसीएल की ओर से अवॉर्ड ग्रहण करते सहायक प्रबंधक (कम्युनिटी डेवलपमेंट) राहुल अंथवाल।
अपने कार्यक्षेत्र के आसपास बेहतर कल बनाने के मकसद से हमेशा समाज के अंतिम आदमी तक पहुंचने की एनसीएल की कोशिशों को गुरुवार को एक नई पहचान मिली। आरओ प्लांटों के जरिए 22 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कंपनी को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिष्ठित बीटी सीएसआर एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया गया। एनसीएल के सहायक प्रबंधक (कम्यूनिटी डेवलपमेंट) राहुल अंथवाल ने भारी उद्योग एवं लोक उद्यम मंत्री अनंत गीते के हाथों यह अवॉर्ड ग्रहण किया।
एनसीएल के सीएमडी तापस कुमार नाग और निदेशक मंडल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए एनसीएल परिवार को इसका श्रेय दिया। उम्मीद जताई कि आने वाले समय में एनसीएल समावेशी विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को नई ऊंचाई पर ले जाकर समाज के विकास की नई इबारत लिखेगा। सिंगरौली व सोनभद्र में शुद्द पेयजल की उपलब्धता बड़ी समस्या है। एनसीएल ने इसे गंभीरता से लेते हुए सीएसआर के तहत लगभग 10 करोड़ की लागत से सिंगरौली और सोनभद्र के 22 गांवों में 500 लीटर प्रति घंटे से लेकर 1000 लीटर प्रति घंटे की क्षमता के कुल 38 आरओ प्लांट लगाए हैं।