एनसीएल खड़िया कोयला परियोजना के महाप्रबंधक कार्यालय से दो दिन पूर्व हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने परियोजना के एक कर्मी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया।
सोमवार की रात खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक कार्यालय ने कंप्यूटर के स्पेयर पार्ट्स और दो पंखे की चोरी हो गई थी। इससे सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए थे। जांच अधिकारी एडी खान ने जीएम कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला तो पता चला कि परियोजना के विद्युत एवं यांत्रिक विभाग में कार्यरत कर्मचारी राहुल सोनी रात 12 से दो बजे के बीच कार्यालय में लगे कंप्यूटर के स्पेयर व दो वाल फैन खोल कर अपने स्वीफ्ट डिजायर कार में रख रहा है। इसकी पुष्टि होने के बाद बुधवार सुबह आरोपी कर्मी राहुल को पुलिस दुद्धीचुआ तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
राहुल के निशानदेही पर उसके आवास से चोरी के करीब 10 सामानों को पुलिस ने बरामद कर लिया। इस वारदात में प्रयोग हुई कार को सीज करते हुए आरोपी का चालान कर दिया गया।