एमओयू हस्ताक्षर के दौरान मौजूद एनसीएल व प्रशासन के अधिकारी।
- फोटो : SONBHADRA
एनसीएल ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आसपास के क्षेत्र में कुपोषण के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज कर दिया है। सिंगरौली परिक्षेत्र में कुपोषित बच्चों को पर्याप्त आहार उपलब्ध करवाकर उन्हें कुपोषण से मुक्त करने के लिए महाप्रबंधक दुद्धीचुआ क्षेत्र अनुराग कुमार व जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला व बाल विकास सिंगरौली राजेश राम गुप्ता ने प्रोजेक्ट ‘बचपन’ के समझौता ज्ञापन पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया। इस प्रोजेक्ट के तहत सिंगरौली जिले के बैढ़न विकास खंड में स्थित विभिन्न आंगनवाड़ी में कुल सात ऐसे केंद्र शुरू किए जाएंगे जहां से 260 से अधिक कुपोषित बच्चों को क्रमवार तरीके से कुपोषण मुक्त करने की मुहिम चलाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट के तहत दुद्धीचुआ क्षेत्र विभिन्न चरणों में कुल 23 लाख से अधिक की राशि सीएसआर के तहत व्यय करेगा। कार्यक्रम के दौरान दुद्धीचुआ क्षेत्र से महाप्रबंधक (उत्खनन) भारतेंदु कुमार, स्टाफ अधिकारी (कार्मिक) कविता गुप्ता, नोडल अधिकारी (सीएसआर) विवेक गौतम एवं सिंगरौली बाल विकास विभाग से प्रवेश मिश्रा आदि रहे।