ओबरा। ओबरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को धोखाधड़ी कर जमीन पर फर्जी तरीके से लोन लेने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ओबरा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी राम केवल गुज्जर निवासी नदहरी थाना ओबरा एवं सन्तोष कुमार निवासी परसोई टोला खैरटिया थाना ओबरा की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर परसोई तिराहे से बृहस्पतिवार की सुबह की गई। इन दोनों के खिलाफ विजय गुज्जर निवासी खैरटिया ने ओबरा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पीड़ित के दादा स्व.गजाधर पुत्र रामसुन्दर का नाम खतौनी में फर्जी तरीके से दर्ज कराकर फर्जी आधार कार्ड बनवाते हुए गजाधर के नाम से इंडियन बैंक शाखा अनपरा से धोखाधड़ी कर चार लाख 24 हजार रुपये का कृषि लोन ले लिए थे। इसका पता तब चला जब लोन जमा नहीं होने पर आरसी की कार्रवाई शुरू हुई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं के अंतर्गत चालान कर दिया गया है। बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।