दुद्धी के धनौरा गांव में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने के बाद लगी भीड़। -संवाद
दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर सुनील कुमार (20) का क्षत-विक्षत शव मिला। वह शुक्रवार रात खजुरी गांव में बरात में शामिल होने आया था। परिजनों ने बरात में विवाद के बाद उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमा गांव निवासी विजय का पुत्र सुनील शुक्रवार रात अपने साथी रविकुमार और बृजेश कुमार के साथ बाइक से खजुरी गांव बरात में आया था। द्वारपूजा के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर बराती और घराती पक्ष में विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान रवि और बृजेश को अलग-अलग ले जाकर मारपीट की गई। इसी बीच कुछ लोग सुनील को भी अपने साथ ले गए। बरात खत्म होने के बाद सुनील के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह धनौरा के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। शव के पास मिले कीपैड मोबाइल से संपर्क कर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सुनील की दादी लीलावती देवी ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है। तहरीर में खजुरी निवासी पांच-छह युवकों पर सुनील को एकांत में ले जाकर मारपीट करने और हत्या के बाद शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया गया है। साथ ही सात लोगों को नामजद किया गया है। भाजपा नेता श्रवण सिंह गोंड पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने सीओ से मामले में कार्रवाई की मांग की। सीओ दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।