सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मकानों से लोहे की रिंग, सरिया, सीमेंट और रोशनदान आदि चोरी कर कबाड़ की दुकान पर बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गोरारी में शुक्रवार को हुई चोरी की घटना के 24 घंटे के भीतर कबाड़ दुकान संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब गिरोह की अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। गोरारी निवासी बसंतू शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ गोरडीहा निवासी विशाल उर्फ मोनू और उसके ऑटो को लेकर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि विशाल को निर्माणाधीन मकान से लोहे का सामान चोरी कर ले जाते समय पकड़ा गया था। पुलिस की जांच में गोरारी और आसपास के क्षेत्रों में निर्माणाधीन मकानों से सामान चोरी करने की अन्य घटनाओं में भी गिरोह की संलिप्तता सामने आई। अपराध निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि विशाल की निशानदेही पर उसके साथी गोरडीहा निवासी कामेश्वर उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि दोनों चोरी का सामान इंद्रपुरी कॉलोनी, मिशन अस्पताल के पीछे स्थित कबाड़ दुकान संचालक अमित कुमार बिंद को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी दुकान से चोरी का सामान बरामद हुआ। तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया।