नववर्ष की उपलक्ष्य में राबर्ट्सगंज स्थित विवेकानंद प्रेक्षागृह में शुक्रवार की रात गीत-संगीत की महफिल सजी रही। इस दौरान सुर संग्राम की विजेता एवं टी सीरीज की मशहूर गायिका अनामिका सिंह ने फिल्मी और भोजपुरी की धुन पर नायाब तराने पेश कर झूमने पर मजबूर कर दिया।
उधर, वाराणसी के वीरेंद्र का सूफियाना अंदाज दिल को छू जाने वाला रहा। बतौर मुख्य अतिथि डीके सिंह, सांसद छोटेलाल खरवार, सपा जिलाध्यक्ष एवं राबर्ट्सगंज विधायक अविनाश कुशवाहा, घोरावल विधायक रमेश दुबे, दुद्धी विधायक रूबी प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अनामिका ने मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवहुस दशरथ अजिर बिहारी.. से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद दमादम मस्त कलंदर, नजर लागे राजा तोरे बंगले में, आए हो मेरी जिंदगी में तुम बहार बनके,
सोनभद्र रह चाहे लखनऊ बलम आबाद रह.. जैसे गीतों की प्रस्तुति से श्रोताओं को मदहोश कर दिया। सांसद छोटेलाल ने भजन के साथ ही फाग गाकर वाहवाही लूटी।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव ने उन्हें बतौर इनाम इक्कीस सौ रुपये प्रदान किया। श्वेता दुबे, सूरज गुप्ता, सुशील मिश्रा आदि ने भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति दी। संचालन शिक्षक भोलानाथ मिश्र ने की।
इस मौके पर एसपी शिवशंकर यादव, एएसपी शिवशंकर यादव, यातायात प्रभारी रामजी यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेश चौबे, नपा अध्यक्ष कृष्णमुरारी गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बी. सागर, सीओ सदर सच्चिदानंद, बिंदू जायसवाल, अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।