विंढमगंज। सलैयाडिह ग्राम पंचायत के कोन मोड़ पर शनिवार की शाम कुछ लोगों ने दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश उर्फ जय मौर्य पर हमला कर दिया गया।
धारदार हथियार और लाठी डंडे से हुए हमले में जयप्रकाश को गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश कर रही है।
मुडिसेमर गांव के प्राचीन शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश उर्फ जय मौर्य शनिवार की शाम कोन मोड़ पर स्थित एक फास्ट फूड की दुकान पर बैठे थे। आरोप है कि इसी बीच सलैयाडिह निवासी रईस, उसका भाई रसीद और अरमान अपने चार-पांच साथियों के साथ पहुंचे और लाठी, डंडा, कलछुल व धारदार हथियार से जय प्रकाश पर हमला कर दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जयप्रकाश की जान बचाई।
हमले में जयप्रकाश को गंभीर चोटें आईं। घटना के पीछे एक अक्तूबर को शिव मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा के दौरान हुए विवाद को वजह बताया जा रहा है। घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने रहीस, रसीद और अरमान समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, घटना की जानकारी पाकर भाजपा नेता श्रवण गोंड, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, संजू तिवारी, मनोज पटेल, विजय पासवान, सरयू यादव, अभिषेक प्रताप सिंह, मनीष मद्धेशिया समेत कई लोग थाने पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।