क्षेत्र के कोलियाघाट पहाड़ी पर एक सप्ताह पहले मिले शव के मामले में पुलिस ने शनिवार शाम पत्नी, पुत्री समेत तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
कोलियाघाट की पहाड़ी में बीते 27 अगस्त को सीमावर्ती मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला के गढ़वा थाना क्षेत्र के बरवाडीह के रहने वाले समरेश पाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। इस मामले में मृतक के चचेरे भाईलाल, प्रताप पाल निवासी बरवाडीह थाना गढ़वा सिंगरौली मध्य प्रदेश की तहरीर पर पुलिस ने मृतक समरेश पाल की पत्नी रजवंती देवी और उसकी पुत्री संगम और मृतक के दूर के रिश्तेदार दिनेश कुमार पाल पुत्र रजनू पाल पता अज्ञात के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। तहरीर में बताया गया है समरेश पाल और उसकी पत्नी व परिजनों के बीच जमीन विवाद, भेड़ों की बिक्री के रुपये पैसे व घर में ताला बंद करने तथा पारिवारिक विवाद को लेकर अकसर विवाद होता रहता था। आरोप है कि बीते 26 अगस्त को घर में सोते समय समरेश पाल की हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कोलियाघाट पहाड़ी पर कोरट मार्ग के पास ले जाकर फेंक दिया गया। प्रभारी निरीक्षक गोपालजी ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई लाल प्रताप पाल की तहरीर पर मृतक की पत्नी रजवंती देवी और पुत्री संगम और मृतक के रिश्तेदार दिनेश पाल पर मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।