फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर में 11 स्थानों पर पालिका लगवाएगा आरओ प्लांट

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। भीषण गर्मी में प्यास बुझाने के लिए भटकते राहगीरों व आम लोगों को नगर पालिका प्रशासन बड़ी राहत देने जा रहा है। नगर क्षेत्र में 11 स्थानों पर शुद्ध व शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ प्लांट लगाया जाएगा। प्रत्येक प्लांट के निर्माण पर सवा पांच लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन

नगर क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में दूरदराज से लोग खरीदारी व अन्य कार्यों से आते हैं। पेयजल संकट से जूझते नगर में सार्वजनिक स्थलों पर पानी का समुचित इंतजाम नहीं है। कुछ स्थानों पर हैंडपंप और स्टैंड पोस्ट लगाए गए हैं, लेकिन इसमें भी पानी की शुद्धता को लेकर लोग सशंकित रहते हैं। जिले के भूजल में फ्लोराइड, आयरन सहित अन्य तत्वों की अधिकता से कई क्षेत्रों में बीमारियां भी फैलती रही हैं। ऐसे हाल में बाहर से आने वालों को बोतल बंद पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। भीषण गर्मी में यह समस्या गंभीर हो गई है। लंबे समय से नगर में सार्वजनिक स्थानों पर आरओ प्लांट लगाने की मांग उठती रही है। अब इसे नगर पालिका प्रशासन मूर्त रूप देने में जुट गया है। करीब 58.52 लाख रुपये खर्च कर नगर में 11 स्थानों पर आरओ प्लांट स्थापित होंगे। इससे राहगीरों को तो पानी मिलेगा ही, आसपास के लोगों को भी शुद्ध पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेेगा। ईओ विजय कुमार यादव ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए आरओ प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही इसे स्थापित करा दिया जाएगा।
इन स्थानों पर लगेंगे आरओ प्लांट
नगर पालिका परिषद के न्यू कॉलोनी स्थित हरदा बाबा मंदिर के पास, नगर पालिका कार्यालय के समीप, विवेकानंद प्रेक्षागृह के सामने चिल्ड्रेन पार्क के पास आरओ प्लांट लगाया जाएगा। इसी तरह चंडी तिराहा के पास, धर्मशाला रोड घोरावल बस स्टैंड के पास, सदर तहसील गेट के पास, महिला थाना तिराहा के पास, शिवाजी मिनी स्टेडियम के अंदर, रोडवेज के पीछे रिक्शा स्टैंड के पास, वार्ड सात में नई मस्जिद के पास और साईं मंदिर के पास लगे हैंडपंप में आरओ प्लांट लगाया जाएगा। प्रत्येक प्लांट पर करीब 5.32 लाख रुपये खर्च आएगा।
विज्ञापन

जोगियाबीर तालाब का होगा सुंदरीकरण
राबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के पार स्थित जोगियाबीर तालाब के पश्चिमी घाट का सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए ईओ ने बताया कि घाट सुंदरीकरण का कार्य नगरीय झील, पोखर, तालाब संरक्षण योजना मद से कराया जाएगा। सुंदरीकरण कार्य पर कुल 29.88 लाख रुपये खर्च होंगे। बता दें कि घाट पर अतिक्रमण भी तेजी से बढ़ रहा है। लंबे समय से अतिक्रमण हटाते हुए तालाब के सुंदरीकरण की मांग की जा रही है। इसी क्रम में नगर पालिका प्रशासन घाट का सुंदरीकरण कराने जा रहा है।
----
वर्जन:
नगर में 11 स्थानों पर आरओ प्लांट के साथ ही जोगियाबीर तालाब घाट का सुंदरीकरण कराया जाना है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर पूरी होने के साथ ही काम शुरू करा दिया जाएगा। इससे लोगों को सहूलियत होगी। -वीरेंद्र कुमार जायसवाल, चेयरमैन-नगर पालिका परिषद सोनभद्र।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें