संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। फेसबुक पर शुरू हुआ प्यार एक महिला के लिए मुसीबत बन गया। मुंबई निवासी महिला को चोलापुर थाना क्षेत्र के भुसौला गांव के युवक ने शादी का भरोसा देकर वाराणसी बुलाया, लेकिन बाद में वादे से मुकर कर घर छोड़कर भाग निकला। महिला चार दिनों से कैंट रेलवे स्टेशन पर रात गुजार रही है। महिला का आरोप है कि शिकायत लेकर वह चोलापुर थाने पहुंची, लेकिन उसे वापस भेज दिया गया। मामला तब चर्चा में आया जब घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हुई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और युवक की तलाश शुरू कर दी गई।थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि महिला और युवक की दोस्ती फेसबुक से हुई थी और मामला मुंबई से जुड़ा है। महिला ने मुंबई में ही प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिला थाने नहीं बल्कि चौकी पर गई थी और वापस मुंबई जाने की तैयारी में है।