सेवापुरी क्षेत्र में पकड़ा गया गैस सिलेंडर। संवाद
डीएम के निर्देश पर पांच अफसरों की दो टीमों ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। जिला पूर्ति विभाग की ओर से मंगलवार को पांच अफसरों की टीम ने सिलिंडर की कालाबाजारी के खिलाफ टीम दो जगहों पर छापा मारा। 17 सिलिंडर और रिफिलिंग यंत्र पकड़े। 3 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार में क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति अधिकारी राजातालाब गुलाब यादव के नेतृत्व में मुन्नीलाल इंप्लायंस होम डिलीवरी की दुकान पर पहुंची। अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही दुकानदार मुन्नीलाल विश्वकर्मा और उसका बेटा सतीश विश्वकर्मा मौके से भाग गए। टीम ने मौके से चार खाली गैस सिलिंडर और गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले पेचकस सहित अन्य उपकरण बरामद किए। लोगों ने बकाया कि कुछ दिन पहले इसी दुकान से सीएनजी भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। दोनों बाप-बेटे ऑटो में सीएनजी भरने का भी काम करते थे। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर पिंडरा क्षेत्र में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आनंद कुमार यादव ने खालिसपुर बाजार में रेलवे क्रॉसिंग के पास एक कटरे में कार्रवाई की। यहां से 9 सिलिंडर जब्त किए। टीम ने संजय कुमार गुप्ता निवासी गांव गजोखर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।