घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के रेही गांव में बुधवार दोपहर लगातार हो रही बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान मकान में मौजूद चार लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया।
पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण रेही गांव निवासी सुनील (22), सत्यम (12), शिवम (7) और बाबू नंदन (35) कच्चे मकान के मलबे में दब गए। घायलों को सीएचसी घोरावल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। सत्यम और सुनील की हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया गया। लेखपाल लक्ष्मी देवी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नुकसान की जानकारी जुटाकर अपनी रिपोर्ट तहसीलदार को भेज दी है। पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
चोपन के जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरहरा के टोला अमिला में बारिश की वजह से शिवकरन का कच्चा मकान गिर गया। उनका खपड़ैल का मकान था। मकान गिरने से परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से राहत और मदद की लगाई गुहार लगाई है, मगर शाम तक कोई भी सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचा है। अनपरा में बुधवार सुबह नगर के धरिकार बस्ती में कच्चा मकान गिर गया। घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान एक किशोरी को हाथ में चोट लगी है। डिबुलगंज धरिकार बस्ती की निवासी दानीराम ने बताया कि बुधवार सुबह घर से पानी निकाल रहे थे।