सांसद छोटेलाल खरवार ने पीएम नरेंद्र मोदी से मिलकर रॉबर्ट्सगंज लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलने की भी मांग रखी। सांसद ने कहा कि रॉबर्ट्सगंज नाम अंग्रेजों के जमाने से चला आ रहा है और इसे बदलकर सोनांचल लोकसभा या सोनभद्र लोकसभा और विधानसभा का नाम सोनभद्र सदर रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह नाम स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान के अनुरूप होगा। उन्होंने जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष का चुनाव भी सीधे जनता के माध्यम से कराने की मांग की। कहा कि यह चुनाव सदस्यों के माध्यम से होता है, जिससे भ्रष्टाचार, अपहरण और हिंसा जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
इन पदों का चुनाव सीधे जनता द्वारा कराया जाए। उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि यदि चुनाव की प्रक्रिया में बदलाव नहीं किया जाता है, तो जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को ग्राम प्रधानों की तरह राजस्व और अन्य वित्तीय सहायता देकर ग्रामीण विकास कार्यों में उनकी भूमिका सुनिश्चित की जाए।