कोन थाना क्षेत्र के कुडवा करहिया मार्ग पर सड़क हादसा के बाद लगी भीड़। संवाद
कोन। मंगलवार को कुड़वा-करहियां मार्ग पर पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार सन्नी देओल गोंड (18) की मौत हो गई। इस हादसे में उसका साथी कमलेश गोंड (14) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सन्नी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। सन्नी देओल अपने गांव कुड़वा के तुमिया टोला निवासी विजय गोंड का पुत्र था। वह कमलेश के साथ बाइक से करहियां की ओर जा रहा था। विंढमगंज थानाक्षेत्र के घिवचोरवा गांव के पास विपरीत दिशा से एक पिकअप आ रही थी। उससे उनकी बाइक की टक्कर हो गई। आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। सन्नी के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कमलेश के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही सन्नी के परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक विंढमगंज रविकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सन्नी के पिता विजय की तहरीर पर पिकअप चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।